ब्रेकिंग न्यूजः जम्मू कश्मीर में फिर हुई आतंकी गतिविधि, सीमा पर व्यापार...

ब्रेकिंग न्यूजः जम्मू कश्मीर में फिर हुई आतंकी गतिविधि, सीमा पर व्यापार रूका।

55
0
SHARE

जम्मू कश्मीर और पाक अधिकृत कश्मीर के बीच होने वाला क्रास एलओसी ट्रेड गुरुवार को अनिश्चितकाल के लिए बंद हो गया। कारण उड़ी सेक्टर आैर मच्छल में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा रोज सीजफायर का उल्लंघन करने के बाद पैदा हुए हालात। इस बीच आज सुबह उड़ी में शुरु हुई गोलाबारी आज तड़के बंद हुई।

फिलहाल, पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है और सेना ने अग्रिम इलाकों में रहने वाले सभी लोगों को सचेत कर, गाेलाबारी की अाड़ में घुसपैठ की आशंका के चलते सघन तलाशी अभियान भी चला रखा है। इसके अलावा पाक सैनिकों ने मच्छल में भी सुबह गोलाबारी की। इसमें भारतीय सेना का एक जवान भी शहीद हो गया।

सीजफायर के उल्लंघन की इस घटना के बाद क्रास एलओसी ट्रेड बंद कर दिया गया। यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि भारत-पाकिस्तान के बीच एक समझौते के तहत अक्तूबर 2008 में जम्मू कश्मीर और पीओके के बीच डयूटी फ्री क्रास एलओसी ट्रेड शुरु हुआ था।

इस व्यापार में शामिल व्यापारियों के सामान से लदे ट्रक उड़ी सेक्टर के रास्ते ही गुलाम कश्मीर जाते हैं और आते हैं। आज भी दोनों तरफ से व्यापारिक ट्रकों की आवाजाही थी। अलबत्ता, आज सुबह पीओके स्थित क्रास एलओसी ट्रेड से जुड़े अधिकारियों ने संबधित माध्यम के जरिए जम्मू-कश्मीर के संबधित प्रशासन को सूचित किया कि व्यापारिक ट्रकों की आवाजाही नहीं होगी।

फिलहाल,यह व्यापार अगली सूचना तक स्थगित रहेगा। उड़ी स्थित एक अधिकारी ने बताया कि एलओसी पर जो हालात बने हुए हैं,उसके चलते ही क्रास एलओसी व्यापार को रोका गया है। हालात के सामान्य होने के साथ ही यह दोबारा बहाल हो जाएगा। गत सुबह उड़ी सेक्टर में कमलकोट के इलाके में एलओसी पर लगी तार के पास गश्त कर रहे भारतीय जवानों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलीबारी की थी।

इसमें दो जवान जख्मी हो गए थे। इसके बाद भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी ठिकानों पर जवाबी प्रहार किया और दोनों तरफ से गत दोपहर तक एक दूसरे के ठिकानों पर रुक रुक कर गोलीबारी होती रही। करीब छह घंटे की खामोशी के बाद बीती रात पुन: पाकिस्तानी सैनिकों ने जंगबंदी का उल्लंघन किया और जवाब में भारतीय जवानों ने भी गोलाबारी की और आज सुबह साढ़े सात बजे तक दोनों तरफ से रुक रुक कर गोलीबारी हुई।

संबधित सैन्याधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना द्वारा जंगबंदी के किए गए उल्लंघन के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। अग्रिम इलाकों में रहने वाले लोगों को पूरी सावधानी बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही सभी अग्रिम नाकों को भी घुसपैठ की आशंका के चलते सचेत करते हुए घुसपैठ की दृष्टि से संवेदनशील कहे जाने वाले इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया है।

पाकिस्तानी सैनिकों ने आज उत्तरी कश्मीर में जिला कु़पवाड़ा के अंतर्गत मच्छल सेक्टर में भी सीजफायर का उल्लंघन करते हुए एलओसी पर स्थित अग्रिम भारतीय सैन्य व नागरिक ठिकानों पर गोलीबारी की। भारतीय जवानों ने भी जवाबी प्रहार किया है।

इस गोलीबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया है। जवाबी प्रहार करते हुए भारतीय जवानों ने पाकिस्तानी ठिकानों को नुकसान पहुंचाया। उसके बाद उड़ी सेक्टर में दोनों तरफ से शुरु हुई गोलीबारी आज सुबह तक रुक रुक कर जारी रही है।