बड़ी खबरः दिल्ली मुख्यमंत्री को जताई अपनी हत्या की आशंका, जानिए खबर...

बड़ी खबरः दिल्ली मुख्यमंत्री को जताई अपनी हत्या की आशंका, जानिए खबर का असली सच।

84
0
SHARE

पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस आरोपों का खंडन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका निजी सुरक्षा अधिकारी(पीएसओ) भाजपा को रिपोर्ट करता है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरह एक दिन उनकी भी हत्या हो सकती है। एक मीडिया संस्थान को दिये इंटरव्यू में केजरीवाल ने कहा कि उनका निजी सुरक्षा अधिकारी(पीएसओ) भाजपा को रिपोर्ट करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके सुरक्षाकर्मियों से ही इंदिरा गांधी की तरह उनकी हत्या करवा सकती है।

केजरीवाल ने पंजाब में चुनाव प्रचार के दौरान एक न्यूज चैनल को दिये इंटरव्यू में आरोप लगाया कि भाजपा के लोग उनकी जान के पीछे पड़े हुए हैं।

भाजपा का केजरीवाल पर पलटवार

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने केजरीवाल पर पलटवार करते हुए ट्वीट कर कहा कि थप्पड़ कांड से उन्हें चुनाव मे कोई लाभ नहीं मिला जिससे वे बौखला गए हैं और सुरक्षाकर्मियों पर भाजपा को रिपोर्ट करने का झूठा आरोप लगा रहे है।

केजरीवाल के आरोपों का पुलिस ने किया खंडन

उधर, दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस आरोपों का खंडन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका निजी सुरक्षा अधिकारी(पीएसओ) भाजपा को रिपोर्ट करता है और उन्हें हत्या का अंदेशा है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षाकर्मी केजरीवाल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। वे अपनी ड्यूटी अच्छी तरह से निभा रहे हैं।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि देश के कई गणमान्य राजनेताओं की सुरक्षा में पुलिस सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। ऐसे में पुलिस की सुरक्षा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।

उधर, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली पुलिस पर भरोसा नहीं। जब से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हैं तब से कम से कम उन पर छह बार हमला हो चुका है।

4 मई को एक शख्स ने मारा था थप्पड़

बता दें कि चार मई को दिल्ली के मोतीनगर में रोड शो के दौरान एक शख्स ने अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया था। पिछले साल नवंबर में केजरीवाल पर दिल्ली सचिवालय में मिर्च पाउडर से हमला किया गया था। अप्रैल, 2016 में दिल्ली सचिवालय में ही पत्रकार वार्ता के दौरान उन पर जूता फेंका गया था। जूता फेंकने वाला आम आदमी सेना का कार्यकर्ता वेदप्रकाश शर्मा था। जूते के अलावा केजरीवाल की ओर सीडी भी उछाली गई।

फरवरी, 2016 में ही पंजाब के लुधियाना में अरविंद केजरीवाल की कार पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया था, जिससे कार का सामने वाला शीशा टूट गया था।

महिला ने फेंकी थी स्याही

जनवरी, 2016 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में ऑड ईवन फॉर्मूले के 15 दिवसीय ट्रायल की सफलता का जश्न मना रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर स्याही फेंकने का मामला सामने आया था। मुख्यमंत्री जब मंच से सभा को संबोधि‍त कर रहे थे, तभी एक महिला ने नाराजगी जाहिर करते हुए उन पर स्याही फेंकी थी।

लड़के ने पत्थर मारा

इससे पहले 27 दिसंबर 2014 को दिल्ली में रैली के दौरान एक लड़के ने केजरीवाल को पत्थर मारा था, यह अलग बात है कि उन्हें कोई चोट नहीं आई थी। फिर 26 दिसंबर 2014 को दिल्ली में रैली के दौरान उन पर अंडे फेंके गए थे। इससे भी पहले 2014 के लोकसभा चुनावों में दिल्ली में रोड शो के दौरान केजरीवाल को एक ऑटो ड्राइवर ने थप्पड़ मारा था।