टिकट के दावेदारों के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने की बड़ी घोषणा।

टिकट के दावेदारों के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने की बड़ी घोषणा।

77
0
SHARE

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान टिकट के संभावित दावेदारों के शक्ति प्रदर्शन के प्रयासों के बीच, मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की टिकट सर्वे के आधार पर मिलेगी।

श्रीगंगानगर के पास लालगढ़ कस्बे में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की टिकट उसी नेता को मिलेगी जिसका जनता में आधार होगा, जिसका पलड़ा भारी होगा।

इसका आकलन सर्वे के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिसको भी टिकट मिलेगी सभी को उसका साथ देना होगा। हालांकि मुख्यमंत्री ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह सर्वे कौन करवाएगा या कैसे होगा।

वसुंधरा राजे ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने खेत से लेकर मंडी तक किसानों को खुशहाल बनाने के लिए काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसान की खुशहाली हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने इस इलाके के विकास के लिए उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को रेखांकित किया।

राजस्थान गौरव यात्रा के तहत वसुंधरा ने श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान व सादुलशहर कस्बे में सभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार ने नहरी तंत्र को सुदृढ़ कर टेल क्षेत्र तक के खेत तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के लिए बिजली की दरें नहीं बढ़ाई और बिजली मद 33 हजार करोड़ रूपये की सब्सिडी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लालगढ़ जाटान में जल्द ही हैंडबॉल एकेडमी खोली जाएगी।

बीजेपी ने राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए चुनाव प्रबंधन समिति गठित कर दी है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी को 16 सदस्यों की इस समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा गठित इस समिति में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी सदस्य के रूप में हैं। समिति में दो केंद्रीय मंत्रियों गजेंद्र सिंह शेखावत व अर्जुन राम मेघवाल को क्रमश: संयोजक व सह संयोजक के रूप में जगह दी गई है।